Thematic Quran/ क़ुरआन का विषयवार अध्ययन: क़ुरआन के क़िस्से: इसराईल की संतानों से जुड़ा गाय का क़िस्सा:
क़ुरआन के क़िस्से:
इसराईल की संतानों से जुड़ा गाय का क़िस्सा:
याद करो जब मूसा ने अपने लोगों से कहा था, "अल्लाह का आदेश है कि तुम एक गाय को ज़बह करो।" वे (तरह-तरह के बहाने बनाने लगे, और) कहने लगे, "क्या तुम हमारी हँसी उड़ा रहे हो?" मूसा ने जवाब दिया, "अल्लाह बचाए मुझे, कि मैं जाहिलों की-सी बात करुं।" (2: 67)
वे बोले, "हमारे लिए ज़रा अपने रब से पूछकर बताओ कि वह गाय किस तरह की होनी चाहिए?" उसने जवाब दिया, “अल्लाह कहता है कि वह गाय न तो बूढ़ी होनी चाहिए और न ही बछिया, बल्कि दोनों के बीच की हो, सो जैसा तुम्हें हुक्म दिया जाता है, उसे कर डालो।" (2: 68)
वे कहने लगे, "हमारे लिए अपने रब से पूछकर बताओ कि उसका रंग कैसा होना चाहिए?" मूसा ने कहा, “अल्लाह कहता है कि वह गाय सुनहरी पीले रंग की होनी चाहिए, कि देखने वालों को भली लगे।" (2: 69)
वे बोले, "हमारे लिए अपने रब से निवेदन करो कि वह हमें बता दे कि असल में वह कौन-सी है: हमारी नज़र में सभी गाय लगभग एक जैसी ही है। अगर अल्लाह की मर्ज़ी रही, तो हम ज़रूर उस तक पहुंचने का रास्ता पा लेंगे।" (2: 70)
मूसा ने जवाब दिया, "वह एक बेहतरीन गाय है जिसमें कोई दाग़-धब्बा नहीं है, वह सधाई हुई नहीं है कि भूमि जोतती हो, या खेतों को पानी देती हो।" वे बोले, "अब तुमने असली बात बताई है," और इस तरह उन्होंने उसे ज़बह किया, हालांकि वे ऐसा करने में लगभग असफल हो चुके थे। (2: 71)
फिर जब [ऐ इसराइलियो!] तुमने किसी की हत्या कर दी थी और एक दूसरे पर इल्ज़ाम लगाना शुरू कर दिया था ------ हालाँकि जो कुछ तुमने छिपाया था, अल्लाह उसे उजागर कर देने वाला था ------ (2: 72)
हमने कहा, "(मरनेवाले के) शरीर पर उस (गाय) के एक हिस्से से मारो”: इस तरह अल्लाह मुर्दे को ज़िंदा करता है और तुम्हें अपनी निशानियाँ दिखाता है, ताकि तुम समझ सको। (2: 73)
फिर इसके बाद भी, तुम्हारे दिल पत्थर की तरह सख़्त हो गए, बल्कि उससे भी ज़्यादा सख़्त; क्योंकि कुछ पत्थर तो ऐसे भी होते हैं जिनसे पानी के सोते फूट निकलते हैं, और उन्हीं में से कुछ ऐसी चट्टानें भी हैं जो टूटकर दो टुकड़े हो जाती हैं, और उनमें से पानी अपना रास्ता बना लेता है, और कुछ दूसरी चट्टानें ऐसी भी हैं जो अल्लाह के डर से (काँपती हुई) गिर पड़ती हैं: जो कुछ भी तुम करते हो, अल्लाह उससे बेख़बर नहीं है। (2: 74)
Comments
Post a Comment