Thematic Quran: लोगों के बीच इंसाफ़ [न्याय] के साथ फ़ैसला करना :
लोगों के बीच इंसाफ़ [न्याय] के साथ फ़ैसला करना :
अल्लाह तुम (लोगों) को आदेश देता है कि तुम्हारे पास अगर किसी की अमानतें [Deposits] हों, तो उसे उसके सही हक़दारों को वापस कर दो, और, जब लोगों के बीच फ़ैसला करो, तो इंसाफ़ करो : अल्लाह ने तुम्हें जो नसीहतें दी हैं, सब कितनी अच्छी हैं, क्योंकि अल्लाह सब कुछ सुनता, सब देखता है। (4: 58)
ऐ ईमानवालो! तुम इंसाफ़ से काम लिया करो, और अल्लाह के लिए (सच्ची) गवाही देनेवाले बनो, चाहे मामला ख़ुद तुम्हारे विरुद्ध हो, या तुम्हारे माँ-बाप और रिश्तेदारों के विरुद्ध ही क्यों न हो, चाहे आदमी अमीर हो या ग़रीब, अल्लाह दोनों की बेहतर देखभाल कर सकता है। अपनी इच्छाओं के पीछे चलने से बचो, ताकि तुम इंसाफ़ से काम ले सको --- (गवाही के समय) अगर इंसाफ़ से छेड़-छाड़ करोगे या उसे नज़रअंदाज़ करोगे, तो जो कुछ तुम करते हो, (याद रखो) अल्लाह को उसकी पूरी ख़बर रहती है। (4: 135)
ऐ ईमानवालो! तुम अल्लाह की भक्ति में मज़बूती से जमे रहो और निष्पक्ष होकर गवाही देनेवाले बनो : ऐसा नहीं होना चाहिए कि दूसरों के प्रति नफ़रत तुम्हें इस बात पर उभार दे कि तुम न्याय करना छोड़ दो। बल्कि हर हाल में न्याय करो, कि यह अल्लाह का डर रखने के ज़्यादा निकट है। अल्लाह से डरते रहो : जो कुछ भी तुम करते हो, अल्लाह उसकी ख़बर रखता है। (5: 8)
....जब (सामान) दो, तो इंसाफ़ के मुताबिक़, नाप और तौल में पूरा-पूरा दो----- हम किसी जान पर उतना ही बोझ डालते हैं जितना कि वह उठा सकने की ताक़त रखता हो------जब बात कहो, तो न्याय की कहो, चाहे मामला अपने नातेदार ही का क्यों न हो; और अल्लाह के नाम से जो प्रतिज्ञा करो, उसे पूरी करो। ये वह बातें हैं, जिन्हें करने का अल्लाह तुम्हें हुक्म देता है, ताकि तुम ध्यान दे सको"----- (6: 152)
ऐ मेरे लोगो! देते समय, नाप और तौल में इंसाफ़ के साथ, पूरा पूरा दिया करो। और लोगों को उनकी चीज़ें (उनके हक़ से) कम मत दो, और ज़मीन पर भ्रष्ट तरीक़ों से फ़साद (corruption) मत फैलाओ। (11: 85)
बेशक अल्लाह (सबके साथ) न्याय करने का, भलाई करने का और रिश्तेदारों को (उनके हक़) देते रहने का आदेश देता है और गंदी व अश्लील बातों से, हर तरह की बुराइयों से और अत्याचार व ज़्यादती करने से रोकता है। वह तुम्हें नसीहत करता है, ताकि तुम ध्यान दो व समझो. (16: 90)
अगर ईमान वालों के दो गिरोह आपस में लड़ पड़ें, तो (ऐ ईमानवालो) तुम्हें उनके बीच सुलह कराने की कोशिश करनी चाहिए; अगर उनमें से एक गिरोह दूसरे पर (साफ़ तौर पर) ज़ुल्म कर रहा हो, तो ज़ुल्म करनेवाले (गिरोह) के ख़िलाफ़ उस समय तक लड़ो, जब तक कि वे अल्लाह के हुक्म के सामने झुक न जाएं। फिर उनके बीच न्याय और बराबरी का ध्यान रखते हुए सुलह करा दो : अल्लाह बराबरी का इंसाफ़ करनेवालों को पसन्द करता है। (49: 9)
"ऐ दाऊद [David]! हमने धरती पर तुम्हें मालिक [ख़लीफ़ा, उत्तराधिकारी] बनाया है। अतः तुम लोगों के बीच इंसाफ़ के साथ फ़ैसला करना. अपनी इच्छाओं के पीछे मत भागते चलना, कहीं ऐसा न हो कि वे तुम्हें अल्लाह के मार्ग से भटका दे : याद रखो, जो लोग उसके मार्ग से भटक जाते हैं, निश्चय ही उनके लिए दर्दनाक यातना होगी क्योंकि वे हिसाब के दिन [क़यामत] को भुला बैठते हैं .” (38: 26)
Comments
Post a Comment